
अटाला बवाल के मुख्य आरोपी जावेद मोहम्मद का घर गिराए जाने के बाद चर्चा है कि उनके घर के दोबारा निर्माण के लिए रकम जमा की जा रही है। हालांकि जावेद के परिजनों का साफ कहना है कि ऐसे किसी भी अभियान से उनका लेना-देना नहीं है। ऑनलाइन या ऑफलाइन चल रहे ऐसे किसी भी अभियान के लिए परिवार की सहमति नहीं ली गई है।
जावेद मोहम्मद की बड़ी बेटी आफरीन फातिमा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से यह जानकारी दी है। इसमें जावेद की पत्नी के हवाले से कहा गया है कि उनकी जानकारी में यह बात आई है कि हमारे घर के दोबारा निर्माण के लिए कुछ लोगों ने रकम जमा करने का अभियान शुरू किया है।
साथ ही कई लोगों ने फंड जमा करने के लिए आगे आने की इच्छा जताई है। मैं अपने परिवार की तरफ से स्पष्ट करना चाहती हूं कि हमने ऐसे किसी भी अभियान के लिए सहमति नहीं दी है। ऐसा कोई भी अभियान परिवार की इच्छा के खिलाफ है। यह भी कहा कि मैं और मेरा पूरा परिवार अपने पति पर पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों के खिलाफ डटकर लड़ाई लडेंगे।

