

हाल ही में फिल्म निर्माता करण जौहर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है। सोशल मीडिया पर सामने आई इस तस्वीर में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, शाहरुख खान, आमिर खान और करण जौहर नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर साल 2018 में करण जौहर के घर पर हुई पार्टी के दौरान क्लिक की गई थी। हाल ही में इस तस्वीर को शेयर करते हुए करण कैप्शन में लिखा, “अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर।

सामने आई इस तस्वीर ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। दरअसल, इस तस्वीर में हालिया रिलीज्ड फिल्म ब्रह्मास्त्र के कलाकार एक साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि, तस्वीर में कुछ कलाकार ऐसे भी हैं, जो फिल्म में फिलहाल नजर नहीं आए हैं। ऐसे में अब लोग यह कयास लगा रहे हैं कि तस्वीर में नजर आ रहीं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी इस फिल्म का हिस्सा होंगी। साथ ही यह भी खबरें तेज हो रही हैं कि रणवीर सिंह और आमिर खान फिल्म ब्रह्मास्त्र के दूसरे भाग में नजर आ सकते हैं।

दरअसल, फिल्म के पहले भाग में देव के चरित्र और उनके माता-पिता के बारे में एक उत्सुकता स्थापित की गई है। लेकिन इन किरदारों में के बारे में पहले भाग में कुछ भी देखने को नहीं मिला है। ऐसे में इस तस्वीर के सामने आने के बाद अब लोग यह जानने को बेताब है कि फिल्म के दूसरे भाग में रणबीर के किरदार शिव के माता-पिता का रोल कौन निभाएगा। हालांकि, बीते दिनों ऐसी खबर सामने आई थी कि अभिनेत्री दीपिका पादुकोण फिल्म के दूसरे में भाग में रणबीर की मां के किरदार में नजर आ सकती हैं। अब इन खबरों में कितनी सच्चाई है, ये तो समय आने पर ही पता चलेगा।

