




जनहित त्रिवेणी आरती समिति की ओर से बुधवार को कीडगंज स्थित बोट क्लब पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जग के कल्याण के लिए मां गंगा यमुना की महाआरती की है। भाजपा सरकार में मोदी और योगी के नेतृत्व में भारतीय सनातन संस्कृति का डंका देश-विदेश में बज रहा है। भाजपा सरकार में प्रयागराज में हुआ दिव्य और भव्य कुंभ ने देश की सनातन संस्कृति के गौरव को बढ़ाया है। उपमुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी व समिति के अध्यक्ष हेमंत चिंटू ने किया। महाआरती के दौरान मुख्य रूप से पदुम जायसवाल, राजेश केसरवानी, अंकुश शर्मा, शुभम वैद्य, शांतनु शर्मा, टीएन दीक्षित, आभा भारती, मीनू पांडेय, प्रमोद मोदी, हिमालय सोनकर, कुलदीप गोस्वामी, राम सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
गोवर्धन पूजा पर बुधवार को निकली शोभायात्रा में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौैरान बाल कलाकारों की प्रस्तुुतियां यादगार रहीं। शोभायात्रा में कृष्ण-बलराम की झांकियों ने हर किसी का मन मोहा।ब्रजरस रसिक भजन मंडल एवं क्राइम प्रिवेंशन काउंसिल ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को लूकरगंज स्थित श्यामा सदन राधे-कृष्णा एनक्लेव से भगवान गोवर्धन की भव्य शोभायात्रा गाजेबाजे के साथ निकाली गई। बग्गी पर श्रीकृष्ण के रूप में कृष्णा और बलराम के रूप में नक्षत्र द्विवेदी सवार थे। यह सजीव झांकी हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।
श्रीकृष्ण और बलराम के स्वरूपों के साथ गोपियां भी रथ पर सवार थीं। यात्रा में सैकड़ों भक्तजन शामिल हुए। शोभायात्रा में पीले वस्त्र में महिलाएं कलश लेकर आगे चल रहीं थीं। रास्ते भर जगह-जगह श्रीकृष्ण और बलराम का पूजन किया गया। इससे पहले श्यामा सदन में गाय के गोबर से बनीं गोवर्धन प्रतिमा का पूजन किया गया।
शोभायात्रा राधा कृष्ण एन्क्लेव से निकलकर लूकरगंज, खुल्दाबाद, हिम्मतगंज होते हुए श्यामा सदन पहुंची। वहां उनका पूजन कर स्वागत किया गया। इस दौरान बाल कलाकारों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसमें ओंकार दत्त गौतम, श्रुति निगम की ओर से सुंदर भजनों की प्रस्तुति की गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का निर्देशन प्रीति सोनकर ने किया। साज सज्जा राधिका निगम ने की। हारमोनियम पर भास्कर कुशवाहा, ढोलक पर हर्ष कुशवाहा, उज्जवल निगम ने संगत दी। अंत में वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र कुमार तिवारी दुकान जी एवं अधिवक्ता दुर्गेश दुबे ने बाल कलाकारों को पुरस्कार प्रदान किया। निम्बार्क आश्रम के महंत राधा माधव दास ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला। भजन मंडल के संचालक अतुल निगम ने आभार प्रकट किया।
