
आवास विकास परिषद ने ब्याज दरों में कमी करके आवंटियों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी बड़ी राहत दी है।
आवास विकास परिषद ने आवंटियों को बड़ी राहत देते हुए ब्याज की दरें आधा प्रतिशत घटा दी हैं। प्रमुख सचिव आवास की अध्यक्षता में परिषद मुख्यालय में हुई बैठक में यह प्रस्ताव पास हुआ। बोर्ड में अयोध्या व मथुरा आवासीय योजना के लिए 188 करोड़ रुपये का बजट भी पास किया गया।
आवास विकास में जो प्रस्ताव पास हुआ है उसके बाद अब 10 लाख रुपये तक की संपत्ति पर 9.5 के बजाय 9 फीसदी ब्याज लिया जाएगा। वहीं, 10 से 25 लाख रुपये तक की संपत्ति पर 10 के बजाय 9.5 फीसदी और 25 लाख से अधिक की कीमत वाली संपत्ति पर 10.50 के बजाय 10 फीसदी ब्याज लिया जाएगा।
आवंटन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी 5 फीसदी आरक्षण
बोर्ड ने संपत्तियों के आवंटन और नीलामी की संशोधित नियमावली भी पास कर दी है। इसके बाद अब स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी आवंटन में पांच फीसदी आरक्षण मिलेगा। आवास विकास अभी तक विधायक, सांसद व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को ही आवंटन में आरक्षण देता था। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों के लिए कोई प्रावधान नहीं था। दिव्यांगों को सिर्फ संपत्ति के आवंटन में ही 5 फीसदी का आरक्षण था। अब उनको कीमत में भी छूट दी जाएगी। सामान्य दिव्यांगों को 10 और गंभीर दिव्यांगों को 20 फीसदी छूट मिलेगी।
अयोध्या को 158 करोड़ रुपये
आवास विकास ने चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 24 अरब 96 करोड़ 09 लाख रुपये का बजट पास कर दिया है। इसमें अयोध्या आवासीय योजना के लिए 158 करोड़ और मथुरा के लिए 30 करोड़ का बजट भी है। सचिव नीरज शुक्ला ने बताया कि अयोध्या की योजना 1194 एकड़ की है। इसमें पहले फेज में 588 एकड़ में सड़क, पानी, सीवर आदि अन्य विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। मथुरा के वृंदावन में 250 एकड़ की आवासीय योजना का काम शुरू होना है।

