
हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री गैल गैडोट आज अपनी शादी की 14वीं सालगिरह मना रही हैं। इजरायली एक्ट्रेस और मॉडल गैल गैडोट ने साल 2008 में बिजनेसमैन और रियल एस्टेट मुगल यरोन वर्सानो से शादी की थी। आइए आज हम आपको दोनों की पहली मुलाकात का किस्सा बताते हैं। गैल गैडोट की यरोन वर्सानो से पहली मुलाकात एक योगा पार्टी में हुई थी। एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेत्री ने बताया था कि उनकी पहली मुलाकात आज से 14 साल पहले इसराइल में आयोजित की गई बहुत ही अजीब सी पार्टी में हुई। हम दोनों अपने एक दोस्त के कहने पर उस पार्टी में गए थे।

गैल आगे कहती हैं, वह बहुत अजीब पार्टी थी। वहां सब योगा कर रहे थे। हेल्दी खाने के बारे में बात कर रहे थे। लोगों का कहना था कि हम इस तरह की पार्टी में खुद को पा सकते हैं, लेकिन हमारे साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ। हमने वहां खुद को नहीं बल्कि एक दूसरे को पाया।

एक्ट्रेस बताती हैं कि उस पार्टी में बातचीत के दौरान इस बात का पता चला कि मैं यरोन वर्सानो से दस साल छोटी हूं। लेकिन इस बात का हमारे रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ा। हमने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे मैं यरोन के प्यार में पड़ती चली गई। अभिनेत्री ने कहा कि वह इस रिश्ते को लेकर काफी सीरियस थीं और शादी के लिए दो साल तक का इंतजार नहीं कर सकती थीं। इसलिए उन्होंने 2008 में शादी कर ली।


