भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चार महिला विधायकों को ठगने वाले आरोपित मुकेश राठोड़ को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुणे जिले की बिबवेवाड़ी पुलिस की टीम आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपित मुकेश राठोड़ ने भाजपा विधायक माधुरी मिसाल को फोन कर अपनी मां की बीमारी के लिए आर्थिक मदद की मांगी। इस पर माधुरी मिसाल ने उसे ऑनलाइन आर्थिक मदद की। इसके बाद उन्होंने भाजपा विधायक श्वेता महाले, मेघना बोर्डिकर, देवयानी फरांडे से भी मदद करने के लिए कहा था। माधुरी मिसाल के कहने पर इन तीनों महिला विधायकों ने भी आरोपित को ऑनलाइन आर्थिक मदद की। माधुरी मिसाल ने फिर से उस युवक से संपर्क कर उसकी मां का हालचाल जानने का प्रयास किया तो उसका फोन बंद मिला। इसके बाद उन्हें पता चला कि उन्हें ऑनलाइन ठगा गया है। इसके बाद उन्होंने इस मामले की शिकायत बिबवेवाड़ी पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई थी।
माधुरी मिसाल ने पत्रकारों को बताया कि हर दिन कई लोग उनके पास मदद के लिए आते हैं। कई लोग स्कूल की फीस की मांग करते हैं जबकि कई लोग बीमारी से अच्छा होने के लिए पैसा चाहते हैं लेकिन इस हादसे के बाद वह जरूरतमंदों की मदद करने के बारे में 10 बार सोचेंगी।
आशा खबर /रेशमा सिंह पटेल
