CUET 2022 Phase 1 Exam: एनटीए की ओर से आयोजित की जा रही सीयूईटी अंडर ग्रेजुएट परीक्षा का पहला चरण संपन्न हो गया है। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट- अंडर ग्रेजुएट (CUET UG) 2022 पहले चरण की परीक्षा बुधवार, 20 जुलाई को सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
CUET UG 2022 का दूसरा चरण 04 अगस्त से शुरू होगा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से CUET परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जा रही है। सीयूईटी चरण-1 की परीक्षा 15 जुलाई, 16, 19 और 20 जुलाई को आयोजित की गई थी। जबकि, स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा का दूसरा चरण 04, 05, 06, 07, 08 और 10 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। सीयूईटी- यूजी का आयोजन देश और विदेश में 510 से अधिक शहरों में किया गया था।
परीक्षा से चूके छात्रों को दूसरे चरण में एक और मौका
सीयूईटी यूजी 2022 के पहले दिन की शुरुआत थोड़ी उथल-पुथल के साथ हुई, क्योंकि कुछ उम्मीदवार अंतिम समय में परीक्षा केंद्र में बदलाव के कारण पेपर से चूक गए थे। हालांकि, एनटीए अधिकारियों ने उम्मीदवारों को आश्वासन दिया है कि जो सीयूईटी यूजी 2022 के पहले दिन केंद्रों में बदलाव के कारण उपस्थित होने में विफल रहे, उन्हें अगस्त में दूसरे चरण में एक और मौका मिलेगा। इसलिए, दूसरे चरण के लिए सेंटर अलॉटमेंट प्रोसेस में बदलाव संभव है।
दो अलग-अलग स्लॉट में आयोजित की गई परीक्षा
CUET UG 2022 प्रवेश परीक्षा प्रत्येक दिन दो अलग-अलग स्लॉट में आयोजित की गई थी। पहला स्लॉट 03 घंटे 15 मिनट की कुल अवधि के लिए सुबह 09 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित किया गया था, जबकि स्लॉट दो की परीक्षा 3 घंटे 45 मिनट के लिए आयोजित की गई थी- दोपहर 03 बजे से शाम 6:45 बजे तक।
CUET UG अब आगे क्या होगा?
सीयूईटी यूजी परीक्षा का पहला चरण समाप्त हो गया है, एनटीए अब सीयूईटी यूजी दूसरे चरण की परीक्षा चार अगस्त से आयोजित करेगा। दूसरे चरण की प्रवेश परीक्षा छह दिन 04, 05, 06, 07, 08 और 10 अगस्त को आयोजित की जाएगी। लगभग 6.8 लाख उम्मीदवार प्रवेश परीक्षा के दूसरे चरण में शामिल होंगे।
एडमिट कार्ड जुलाई 2022 के अंतिम सप्ताह में
जिन उम्मीदवारों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान या जीव विज्ञान का विकल्प चुना है, उन्हें सीयूईटी के दूसरे चरण में रखा गया है। क्योंकि, पहले चरण के दौरान नीट यूजी परीक्षा से टकराव हो रहा था। दूसरे चरण के छात्रों के लिए सीयूईटी एडमिट कार्ड जुलाई 2022 के अंतिम सप्ताह में जारी किया जाएगा। इससे पहले एनटीए परीक्षा शहर की पर्ची और विषयवार डेट शीट भी जारी करेगा।
आशा खबर / उर्वशी विश्वकर्मा

